मौसम में लगातार बदलाव के कारण जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। मंगलवार को भी अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। दोपहर तक मरीजों की संख्या एक हजार का आंकड़ा पार कर गई। अस्पताल में सबसे ज्यादा भीड़ बाल रोग, सामान्य रोग व हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर रही। ओपीडी में आने वाले मरीजों में खांसी, जुकाम व बुखार के साथ ही गले में संक्रमण के लक्षण देखे जा रहे हैं। बता दें कि जिले में फिलहाल दिन में तेज धूप व रात को हल्की ठंड लोगों को परेशान कर रही है। मौसम में बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। इस कारण शहर के निजी व सरकारी अस्पतालों में बुखार, खांसी व जुकाम के मरीजों में इजाफा हो रहा है। चिकित्सक भी मरीजों को ऐसे मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।