बिजली निगम के लिपिक गुरविंदर के निलंबन के विरोध में चल रहा धरना प्रदर्शन 11 वें दिन भी जारी रहा। बराड़ा में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूनिट प्रधान सतबीर देसवाल ने कहा कि वीरवार को निगम अधिकारियों द्वारा बर्फखाने से मीटर उतारने वाले प्रकरण में चार से पांच कर्मचारियों चार्जशीट और शोकाज नोटिस दिया गया है, जबकि सारे प्रकरण में दोषी एसडीओ नंबर 2 को शोकाज नोटिस से बचाने की कोशिश की जा रही है। निगम कर्मचारी को बहाल करने की बजाए दूसरे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, इसकी यूनियन कड़ी निंदा करती है। इस तरह की कार्यशैली से निगम अधिकारी गतिरोध बढ़ाने का काम कर रहे हैं। यूनियन का धरना प्रदर्शन शांतिपूर्वक और निश्चित समय सीमा में चल रहा है और इसके बाद कर्मचारियों द्वारा अपना सारा काम निपटाया जाता है, अगर इस हफ्ते में गुरविंदर को बहाल नहीं किया जाता तो शुक्रवार को यूनिट स्तरीय मीटिंग करके धरना प्रदर्शन को आगे बढ़ाने संबंधित निर्णय लिया जाएगा। यूनिट सचिव सोनू यादव ने बब्याल में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निगम अधिकारियों द्वारा सारी जवाबदेही निचले कर्मचारियों पर साजिशन थोपी जा रही है, लेकिन जब बात संसाधनों की कमी की आती है तो कोई अधिकारी अपनी जवाबदेही नहीं लेता।