गोरखपुर। यातायात चौराहे पर स्थापित भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को हटाए जाने की चर्चा के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के सूचना का अधिकार विभाग ने सहायक नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। विभाग के जिलाध्यक्ष बालमुकुंद चतुर्वेदी ने प्रतिमा को यथास्थान सुरक्षित रखने की मांग की । ज्ञापन के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी के सूचना का अधिकार विभाग के अध्यक्ष बालमुकुंद चतुर्वेदी ने कहा है कि यातायात चौराहे पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा स्थापित है। यह प्रतिमा देश के गौरवशाली इतिहास, लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान की याद दिलाती है। यातायात व्यवस्था अथवा अन्य किसी कारण से प्रतिमा को स्थानांतरित किया जाना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यदि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए प्रतिमा हटाना आवश्यक समझा जा रहा है तो पहले अन्य वैकल्पिक उपायों और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था पर विचार किया जाए। ज्ञापन में नगर निगम प्रशासन से जनभावनाओं और राष्ट्रीय महापुरुषों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।