नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों के लिए पार्किंग व्यवस्था को हाईटेक बनाया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एल्गोरिदम से पार्किंग के खाली स्लॉट, एंट्री और एक्जिट प्वाइंट का सटीक ब्यौरा मिलेगा। इसके लिए अत्याधुनिक सेंसर से लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यहां पर वाहन लेकर आने वाले लोग पार्किंग के लिए कतार में वाहन खड़ा करने से बचेंगे और उपलब्ध स्लॉट के पार्किंग की स्थिति के बारे में जानकारी जुटा सकेंगे। यह सिस्टम मुख्य रूप से जनरल एविएशन (जीए) एनेक्स भवन के आसपास स्थापित किया जाएगा। नई तकनीक के तहत पार्किंग क्षेत्रों में अत्याधुनिक सेंसर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये उपकरण पार्किंग स्लॉट की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे और डेटा को एआई एल्गोरिदम के जरिए प्रोसेस करेंगे। इसके बाद यह जानकारी डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और अन्य माध्यमों से यात्रियों तक पहुंचाई जाएगी। पार्किंग ऑक्यूपेंसी सॉल्यूशन के तहत लगाए जाने वाले डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड यात्रियों को यह बताएंगे कि किस पार्किंग जोन में कितने स्लॉट उपलब्ध हैं। इससे चालक सीधे उसी स्थान की ओर जा सकेंगे जहां पार्किंग खाली है। नया सिस्टम के लागू होने से यात्रियों का समय बचेगा और एयरपोर्ट परिसर में ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी।