कर्मचारी संगठनों ने भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में बुधवार को जिला सचिवालय में जोरदार प्रदर्शन कर अपनी मांगों के संबंध में प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री तथा मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम एडीसी दलबीर सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व हेल्पर, पंचायत विभाग के सीपीएलओ तथा ग्रामीण सफाई कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ खूब नारेबाजी की। आंगनवाड़ी वर्कर यूनियन की जिला प्रधान रीता धारीवाल, भारतीय मजदूर संघ के जिला प्रधान कैलाश वशिष्ठ, महेश चंद आदि ने बताया कि वे लंबे समय से सरकार को सेवाएं दे रहे है। जिनके संबंध में उनकी कई मांगे है, जिन्हें सरकार ने माना हुआ है, लेकिन धरातल पर उनका अमल नहीं किया जा रहा है। आंगनवाड़ी योजना को चले हुए पूरे 50 साल हो गए है। इस अवधि में महिला, बच्चों व स्वास्थ्य को लेकर अनेक महत्वपूर्ण कार्य आंगनवाड़ी कर्मचारियों ने किए है। लेकिन सरकार ने उन्हें अभी भी सिर्फ एक योजना में शामिल किया हुआ है।