उपमंडल के जहटाना गांव से रसूलपुर गांव तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा करीब 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनने के महज तीन दिन बाद ही जगह-जगह से उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत लोक निर्माण मंत्री को भेजकर मामले की जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही व दोबारा से सडक निर्माण की मांग की है। बताया जा रहा है कि सडक निर्माण के दौरान ग्रामीणों ने ठेकेदार के सामने भी रोष जताया लेकिन विभागीय अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया।