नूंह जिले के पिनंगवा कस्बे में बीते साल नवंबर माह में हुई ज्वेलर्स चोरी मामलें में नूंह पुलिस जांच टीम को एक बार फिर सफलता मिली है। इस वारदात में अब पांचवीं गिरफ्तारी की गई है। आरोपी की पहचान राजेश उर्फ पड्डा पुत्र मदन निवासी कादर धनुपुरा बदायूं के रूप में हुई है। जिसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था । आरोपी राजेश को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है। इस दौरान घटना स्थल की निशानदेही करने के साथ-साथ माल बरामदगी की तैयारी में पुलिस टीम जुटी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार राजेश वारदात को अंजाम देने वाले सात आरोपियों में शामिल था। बीते साल 27 नवंबर की रात के समय में पिनगवां में एक ज्वेलर्स की दुकान से करोड़ों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किये गए थे। जिसे रात के अंधेरों में हथियार के बल पर अंजाम दिया गया था।