ग्रेटर नोएडा में गौड़ सिटी स्थित महिला फिटनेस स्टूडियो ओल्वेज बी फीट की ओर फूलों की होली का आयोजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द के साथ हिस्सा लिया। पूरा माहौल रंगों के बजाय खुशियों, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मीयता से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर गुलाल की बजाय सुगंधित गुलाब की पंखुड़ियों से होली खेली। यह अनोखी और पर्यावरण-अनुकूल पहल उत्सव को संस्कृति और गरिमा से जोड़ने में सफल रही। संगीत, नृत्य, मनोरंजक गतिविधियां और सामूहिक उत्सव ने इसे और भी यादगार बना दिया। इस होली कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक सुरक्षित, सांस्कृतिक और सकारात्मक मंच प्रदान करना है, जहां वे मिलकर खुशियां बांट सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। स्टूडियो की संस्थापक रेखा सिंह ने बताया कि पिछले 11 वर्षों से ओल्वेज बी फिट का संचालन किया जा रहा हैं। यह संस्थान सिर्फ फिटनेस का केंद्र नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का मजबूत मंच बन चुका है। इस अवसर पर डॉ. अल्का अरोड़ा, सुचिता और रश्मि शर्मा आदि ने भी फूलों की होली खेली।