नोएडा में बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए अब ऐसे पौधों की मांग बढ़ रही है जो न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि प्रदूषण को भी कम करने में मददगार साबित हो रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, स्नेक प्लांट, कंघी पाम, जीजी प्लांट और अग्नोइमा स्मेट जैसे पौधे पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। राजकीय महाविद्यालय की प्रोफेसर और वनस्पति विज्ञान की विशेषज्ञ डॉक्टर संघमित्रा ने बताया कि स्नेक प्लांट हवा से फॉर्मलडिहाइड और बेंजीन जैसी खतरनाक गैसों को अवशोषित करता है। यह पौधा घर और ऑफिस दोनों जगहों के लिए उपयुक्त है। वहीं कंघी पाम कार्बन डाइऑक्साइड और धूल को अवशोषित करके प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद करता है। जीजी प्लांट वायु और जल दोनों को शुद्ध करने की क्षमता रखता है, जबकि अग्नोइमा स्मेट हवा से सूक्ष्म प्रदूषकों और धूल को हटाकर वातावरण को स्वच्छ बनाता है। इन पौधों को शहरी इलाकों में बढ़ते प्रदूषण से लड़ने के लिए एक सरल और प्रभावी उपाय माना जा रहा है। पर्यावरणविद् सुझाव देते हैं कि हर घर और ऑफिस में इन पौधों को शामिल करना चाहिए। सेक्टर 74 स्थित नर्सरी के संचालक जय प्रकाश राजपूत ने बताया कि इन पौधों की बिक्री लगातार हो रही है, पिछले 5 दिनों से बिक्री और बढ़ गई है, इनकी कीमत 250 से शुरू होकर 750 तक की है।