नोएडा के उत्तराखंडी होली के रंग में रंगने लगे हैं। सेक्टर-53 स्थित कंचनजंगा अपार्टमेंट में बृहस्पतिवार को होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उत्तराखंडी गीतों और ढोलक की थाप पर मंजीरे की धुन ने समा बांध दिया। फूलों और प्राकृतिक रंगों की वर्षा के बीच राधा-कृष्ण बनीं महिलाएं नृत्य करतीं नजर आईं। एआरडब्ल्यूए अध्यक्ष पुष्पा शाह ने बताया कि उत्तराखंड की होली को तीन भागों में विभाजित किया गया है। इसमें पहली बैठकी होली, दूसरी खड़ी होली और तीसरी महिला होली होती है। बृहस्पतिवार को बैठकी होली का आयोजन किया गया। यह होली बेहद शुभ मानी गई है। इस दौरान विभिन्न शास्त्रीय और मिश्रित होली गीत गाए जाते हैं। इसके अलावा फूलों की वर्षा की जाती है, एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी जाती हैं। इस दौरान पूजा त्रिपाठी, दीपा जोशी, किरण डोंडियाल, माया बोहरा, मंजू, विजया बलूनी, राजेश्वरी, साधना भट्ट, मोना रश्मि, कमला जोशी समेत अन्य लोग शामिल हुए।