नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की सेक्टर 51 और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के सेक्टर 52 स्टेशन के बीच मुफ्त ई-रिक्शा सेवा सेवा बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस रास्ते पर 420 मीटर लंबा स्काईवॉक निर्माणाधीन है, जिसके कारण यात्रियों को अब सीएनजी स्टेशन की ओर से लंबा चक्कर काटकर सेक्टर 52 स्टेशन पहुंचना पड़ रहा है। पहले एनएमआरसी ने सेक्टर 51 (एक्वा लाइन) और सेक्टर 52 डीएमआरसी (ब्लू लाइन) के बीच 300 मीटर के पैदल रास्ते पर मुफ्त ई -रिक्शा सेवा शुरू की थी, जिसे डीएमआरसी और एनएमआरसी के यात्रियों को काफी सहूलियत थी। यह सेवा यात्रियों को दोनों मेट्रो लाइनों के बीच निर्बाध आवागमन प्रदान करती थी। हालांकि स्काईवॉक निर्माण के चलते ई रिक्शा सेवा और पैदल पथ तक पहुंचने वाला गलियारा बंद कर दिया गया है। जिसके कारण अब यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ रही है। यात्री अब सीएनजी स्टेशन के रास्ते से लगभग एक किलोमीटर का चक्कर काटने को मजबूर हैं, जिससे समय और ऊर्जा की बर्बादी हो रही है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह रास्ता चुनौतीपूर्ण है।