जनता को अधिवक्ता से अधिक किसी पर विश्वास नहीं हैं। हर अधिवक्ता समाज में विशिष्ट योगदान देता है। जब पीड़ित को न्याय नहीं मिलता है तो वह अधिवक्ता के पास ही आता है। उन्हें विश्वास होता है कि उनकी हर समस्या का समाधान हो जाएगा। यह बातें उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सूरजपुर स्थित दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में कहीं। उन्होंने कहा कि वह विधायक ,उपमुख्यमंत्री से पहले एक अधिवक्ता हैं। वह हर अधिवक्ता की समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने कहा कि मेरा भी अब तबादला हो गया है। जब कानून मंत्री था। तब अधिवक्ताओं के हित के लिए फंड की कमी नहीं होने दी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सभी मांगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराएंगे। हर समस्या का हल निकलेगा। उन्होंने सीएमओ से कहा कि अधिवक्ताओं के इलाज में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्हें बेहतर इलाज मिले इसकी जिम्मेदारी उठानी होगी। उन्होंने अध्यक्ष प्रमेंद्र भाटी, सचिव अजीत नागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार शास्त्री, कनिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र खारी, कोषाध्यक्ष अंकित भाटी, सह सचिव प्रशासनिक नवीन कुमार, सह सचिव पुस्तकालय सुनील लोहिया एवं सह सचिव सांस्कृतिक शशी उर्फ चंद्रकला को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश अवनीश सक्सेना ने की।