इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के तत्वावधान में दिल्ली मंडपम में 19 मार्च से तीन दिवसीय बिल्ड भारत एक्सपो की शुरुआत हो रही है। यह एक्सपो बिल्डिंग मैटीरियल, ग्रीन एनर्जी, फूड प्रोसेसिंग और कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री से जुड़े व्यापारियों, निर्माताओं और सप्लायर्स के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म साबित होगा। खास बात यह है कि इस आयोजन में जिले के निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने का मौका मिलेगा, जो उनके व्यापार विस्तार में सहायक होगा। इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन नोएडा चैप्टर के चेयरमैन नवीन गुप्ता ने बताया कि बिल्ड भारत एक्सपो में नोएडा के 20 स्टॉल लगेंगे, जो विभिन्न निर्माण सामग्री और उपकरणों की प्रदर्शनी पेश करेंगे। इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य उत्पादकों और खरीदारों के बीच एक मजबूत कनेक्शन स्थापित करना है। एक्सपो में उत्पादों को लेकर बायर और सप्लायर के बीच एक सेतु का काम करेगा, जिससे व्यापारियों को नए बिजनेस संबंध बनाने और संभावनाओं का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा। इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन नोएडा के सचिव साहिल कुमार का कहना है कि कंस्ट्रक्शन और बिल्डिंग मटीरियल से जुड़ी कंपनियों को इस एक्सपो में प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे इस क्षेत्र के लिए एक बेहतर और समृद्ध भविष्य की दिशा तय की जा सके। एक ओर महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इस आयोजन के दौरान बी 2 बी (B2B) बिज़नस प्लान भी तैयार किया गया है, जिससे कंपनियों को व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने और नए बाजारों में प्रवेश करने के लिए अनुकूल माहौल मिलेगा। एक्सपो में करीब 7500 विजीटर्स के आने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के एसोसिएशन को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार संबंधों को मजबूती मिलेगी। इस आयोजन में शामिल होने वाले व्यक्तियों को न केवल व्यापारिक लाभ मिलेगा, बल्कि उन्हें उद्योग से जुड़ी नवीनतम तकनीकों और उत्पादों से भी अवगत होने का अवसर मिलेगा। बिल्ड भारत एक्सपो निश्चित रूप से कंस्ट्रक्शन और बिल्डिंग मटीरियल क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा, जो नए व्यापार अवसरों के साथ-साथ वैश्विक नेटवर्किंग का भी अवसर प्रदान करेगा।