गौतमबुद्धनगर जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। एल्डर कमेटी के गठन के बाद से चुनाव प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। संभावित उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और वह चैंबर-चैंबर जाकर अधिवक्ता साथियों से समर्थन मांग रहे हैं। चुनावी माहौल में सभी प्रत्याशी अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हुए हैं। बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर गुरुवार को एल्डर कमेटी के चेयरमैन जगदीश नागर ने जानकारी दी कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को इस संबंध में एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें चुनाव की तारीखें तय की जाएंगी। साथ ही मतदाता सूची के प्रकाशन और नामांकन प्रक्रिया पर भी चर्चा की जाएगी। जगदीश नागर ने बताया कि मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी, ताकि सभी अधिवक्ताओं को सही जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। वहीं उम्मीदवारों की बढ़ती सक्रियता ने चुनावी माहौल को और रोचक बना दिया है। अधिवक्ता चैंबरों में जाकर अपने चुनावी एजेंडे पर चर्चा कर रहे हैं और मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उम्मीदवारों की यह सक्रियता बताती है कि इस बार का चुनाव बेहद प्रतिस्पर्धात्मक होने वाला है। चुनाव की तारीखों के ऐलान और मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद यह साफ हो जाएगा कि कितने उम्मीदवार मैदान में हैं और चुनावी मुकाबला किस तरह का रहेगा। बार एसोसिएशन के इस चुनाव को अधिवक्ता समुदाय में बड़ी उत्सुकता के साथ देखा जा रहा है। इस बार के चुनाव में करीब 2100 से अधिवक्ता हिस्सा लेंगे। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष आदि पदों के लिए चुनाव होगा। चुनाव में दो महिला उम्मीदवार भी दावेदारी पेश कर रही हैं।