बिसरख कोतवाली पुलिस ने सर्राफा की दुकान से चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए जबकि एक महिला आरोपी को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान दबोचा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार और दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं। 13 सितंबर की रात गांव ऐमनाबाद स्थित एक सर्राफा की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर 14 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया था। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल का कहना है कि शुक्रवार को इंटेलिजेंस की सूचना पर पुलिस टीम ऐस सिटी गोल चक्कर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान चार मूर्ति की ओर से आ रही एक वैगनआर कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार तेज गति से एस्टर लिंक रोड की तरफ भाग निकले। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सोनू और गौरव नामक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कार सहित दोनों आरोपियों को दबोच लिया जबकि कॉम्बिंग में उनकी साथी महिला काजल भी गिरफ्तार कर ली गई। सोनू विजयनगर गाजियाबाद जबकि गौरव गांव पतवाड़ी व काजल तिगरी गांव में रहती है। थपुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सोनू पर लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और चोरी समेत आठ मामले दर्ज हैं। गौरव भी लूट व चोरी के मामलों में वांछित रहा है। वहीं महिला आरोपी काजल के खिलाफ सूरजपुर थाने में गंभीर धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए आरोपी सर्राफा बाजार में वारदात कर चोरी का माल बेचने की फिराक में थे।