गुरुग्राम में जीएमडीए और नगर निगम की ओर से चल रही अलग-अलग परियोजनाओं को समय से पूरा करने को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को स्थानीय लघु सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की है। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, उनके निर्धारित समय में पूरा होने की संभावनाओं तथा कार्यों में तेजी लाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में पलवल-सोहना-मानेसर-सोनीपत ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर, पुराना गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट, दिल्ली-बावल आरआरटीएस कॉरिडोर, ग्रेटर एसपीआर रोड, खेड़की दौला से वाटिका चौक तथा वाटिका चौक से घाटा चौक तक एलिवेटेड एसपीआर रोड, नए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण, एनसीआर वाटर चैनल से भूमिगत पाइपलाइन परियोजना, निजी बिल्डर सोसायटियों में एसटीपी निर्माण तथा वर्षा जल निकासी से जुड़ी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने सभी परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, लंबित बाधाओं और निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनहित से जुड़ी इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।