गुरुग्राम। एक जुलाई 2026 से एनएसआरएस (राष्ट्रीय खेल अभिलेखागार प्रणाली) आईडी के बिना किसी भी खिलाड़ी को हॉकी इंडिया की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति नहीं मिलेगी। हॉकी इंडिया ने इस संबंध में सभी राज्य हॉकी संघों को निर्देश जारी कर खिलाड़ियों तक जानकारी पहुंचाने को कहा है। हॉकी इंडिया के नए नियम के अनुसार प्रत्येक खिलाड़ी को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा विकसित राष्ट्रीय खेल अभिलेखागार प्रणाली (एनएसआरएस) पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद प्राप्त एनएसआरएस आईडी को हॉकी इंडिया के सदस्य इकाई (एमयू) पोर्टल पर अपडेट करना भी अनिवार्य रहेगा। संगठन ने स्पष्ट किया है कि जिन खिलाड़ियों की एनएसआरएस आईडी नहीं होगी या जिन्होंने अपनी आईडी एमयू पोर्टल पर अपडेट नहीं की होगी, उन्हें एक जुलाई 2026 या उसके बाद आयोजित होने वाली किसी भी राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यही आईडी भविष्य में खेलो इंडिया और खेलो विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए भी आवश्यक होगी।