राजेंद्र पार्क स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) में लंबे समय से किराया नहीं मिलने पर मकान मालिक ने सुबह मंगलवार को गेट पर ताला लगा दिया। इसकी वजह से यूपीएचसी पर आने वाले मरीजों को बिना इलाज किए घर लौटना पड़ा। वहीं टीबी जैसे मरीजों को केवल दवाइयां दी गई। बाद में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मकान मालिक के बीच बातचीत के बाद ताला खुलवाया गया। मकान मालिक के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने की ओर से शनिवार तक किराया लौटाने का दावा किया गया है। अगर शनिवार तक किराया नहीं मिला, तो दोबारा सोमवार को ताला लगाने की चेतावनी दी गई है। बता दें कि राजेंद्र पार्क का यूपीएचसी किराये के भवन में संचालित है। मकान मालिक का आरोप है कि मार्च माह से किराये का भुगतान नहीं किया गया है। इसी वजह से उसने केंद्र के गेट पर ताला लगा दिया। ताला लगने के कारण स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भवन के अंदर नहीं जा पाए। इससे मरीजों का कुछ घंटों तक इलाज नहीं किया गया। इस दौरान कई मरीज आए और घर लौट गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मकान मालिक से बातचीत की। दोनों पक्षों के बीच चर्चा के बाद गेट पर लगा ताला खुलवा दिया गया। किराये के भुगतान का मामला अभी पूरी तरह सुलझा नहीं है।