स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने बताया कि गुरुग्राम में 400 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल जल्द बनाया जाएगा। सरकार निर्माण कार्य के लिए शीघ्र ही टेंडर आमंत्रित करेगी। उन्होंने कहा कि निर्माण चरण में ही 200 अतिरिक्त बेड के विस्तार की सुविधा भी शामिल की जाएगी, ताकि भविष्य में बढ़ती स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इस परियोजना को मुख्यमंत्री की बैठक में मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए शहर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे, जिससे आसपास के इलाकों के लोगों को प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा नागरिक अस्पताल में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए नई मशीनें लगाई जा रही हैं। जिन विभागों में अभी आवश्यक मशीनों की कमी है, उन्हें भी जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।