आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए बाढ़ प्रबंधन तैयारियों के तहत गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा शहर के विभिन्न अंडरपास पर मॉक ड्रिल शुरू की गई है। इन मॉक ड्रिल का उद्देश्य पंपिंग मशीनरी, डीजी सेट तथा ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर की कार्यक्षमता और आपातकालीन स्थिति में उनकी तत्परता का आकलन करना है। मॉक ड्रिल के दौरान अंडरपास के सम्प वेल में पानी छोड़ा गया तथा स्थापित पंपिंग मशीनों को शुरू कर उनकी डिस्चार्ज क्षमता, प्रतिक्रिया समय और समग्र कार्यक्षमता की जांच की गई। इसके साथ ही डीजी सेट एवं संबंधित विद्युत प्रणालियों का परीक्षण भी किया गया, ताकि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही, ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण कर वर्षा जल निकासी की सुचारू व्यवस्था का भी आकलन किया गया। सिग्नेचर टावर अंडरपास पर 20 एचपी क्षमता के आठ पंपों का परीक्षण किया गया और वे संतोषजनक रूप से कार्यरत पाए गए। हुडा सिटी सेंटर अंडरपास पर 7.5 एचपी क्षमता के चार पंप की जांच की गई, जो सही ढंग से कार्य कर रहे थे।