गुरुग्राम। साइबर सिटी में डंपर-ट्रकों को चालान से बचाने के लिए चालकों द्वारा अपने वाहनों की नंबर प्लेट को ढ़का जा रहा है। कुछ चालक नंबर प्लेट पर मिट्टी या ग्रीस लगा रहे हैं तो कुछ चालकों द्वारा आधी नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधा जा रहा है, ताकि हाईवे, एक्सप्रेसवे या अन्य सड़कों पर लगे कैमरों में से वाहनों के चालान न कट सकें और वे सड़कों पर यातायात नियमों को तोड़ते हुए निकल जाएं। गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48), द्वारका एक्सप्रेसवे, एसपीआर रोड, गुरुग्राम-सोहना रोड सहित अन्य सड़कों पर डंपर व ट्रकों का आवागमन होता है। इनके चालक अपने वाहनों की हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट को कपड़े, मिट्टी, काली स्याही या ग्रीस से ढककर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं। एक्सप्रेसवे व मुख्य चौराहों पर लगे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरों की नजर से बचने के लिए नंबरों को छुपाया जाता है ताकि ओवर स्पीडिंग या नो एंट्री में जाने पर भी ऑनलाइन चालान न कटे। इसके अलावा कई डंपर रात के समय ओवरलोड निर्माण सामग्री या अवैध खनन की सामग्री ले जाते हैं, जिससे पकड़े जाने पर वाहन की पहचान न हो सके।