गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना हाईवे स्थित सीडी चौक पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण पिछले करीब छह महीने से बंद पड़ा है। निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण पैदल यात्रियों को व्यस्त हाईवे पार करने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से काम बंद होने के बावजूद इसे दोबारा शुरू नहीं किया गया है। जीएमडीए ने हाईवे पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से सीडी चौक पर फुटओवर ब्रिज बनाने की योजना शुरू की थी। शुरुआती चरण में निर्माण कार्य तेजी से चला और पुल के कुछ हिस्सों का निर्माण भी कर दिया गया, लेकिन इसके बाद कार्य अचानक रुक गया। स्थानीय लोगों ने जीएमडीए से निर्माण कार्य जल्द शुरू कर निर्धारित समय में फुटओवर ब्रिज पूरा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और हाईवे पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।