शहर के सभी चर्चों में बुधवार देर रात क्रिसमस का पर्व पूरे हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इंदिरापुरम स्थित सेंट जॉन पॉल सायरो मालाबार चर्च, वेलांकन्नि माथा श्राइन कैथोलिक चर्च को एक दिन पहले ही क्रिसमस के लिए भव्य रूप से सजाया गया था। चर्च परिसर रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों की मालाओं और आकर्षक क्रिसमस ट्री से जगमगा उठे। गुरुवार को चर्चों में लोगों की भारी आवाजाही देखने को मिली। माता-पिता अपने बच्चों के साथ चर्च पहुंचे वहीं स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी दोस्तों के साथ क्रिसमस का आनंद लेने चर्च पहुंचें। बच्चों में सेंटा क्लॉज से मिलने और उपहार पाने को लेकर खासा उत्साह नजर आया। कई लोग अपनी मन्नत के लिए चर्च में कैंडल जलाने के लिए भी पहुंच रहे हैं।