मोदीनगर के गांव बेगमाबाद के जंगल में बृहस्पतिवार दोपहर अनिल कुमार के ईख खेत में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया। आग से लगभग पांच बीघा ईख जल गई। किसान अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर ईख में आग लगने की सूचना मिली। ग्रामीणों और किसानों ने बाल्टी आदि से आग को काबू करने का प्रयास किया मगर,तेज हवा के कारण आग बढ़ती चली गई। आग का रौर्द रूप देख ग्रामीणों में दहशत पैदा हो गई। सूचना के बाद दमकल की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को काबू किया। इसके अलावा निवाड़ी के गांव एमपी सिखैड़ा में जंगल किनारे खड़े झाड़ झंकाड़ में भीषण आग लग गई। वहीं मुरादनगर के गांव ड़िडौली में मंदिर के समीप खाली मैदान में पड़े कबाड़ में आग लग गई। दोनों स्थानों पर पहुंच कर दमकलकर्मियों ने आग को काबू किया।