फरीदाबाद शहर के बल्लभगढ़ इलाके का प्रदूषण स्तर बुधवार को गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। इलाके का वायु गुणवत्ता सूचकांक 370 दर्ज किया गया, जो बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है। यह स्तर देश में सबसे अधिक बताया जा रहा है। बल्लभगढ़ ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली जैसे बड़े शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रदूषण की वजह से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आमतौर पर बल्लभगढ़ क्षेत्र में प्रदूषण के कारण धुंध छाई रहती है, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है जब वायु गुणवत्ता 370 के स्तर तक पहुंची है। यह स्थिति आम लोगों के साथ-साथ प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। सुबह और शाम के समय सड़कों पर धुंध की मोटी परत देखी जा रही है, जिससे दृश्यता भी कम हो गई है।