फरीदाबाद शहर में सीवर से निकलने वाले शोधित पानी का इस्तेमाल अब खेतों की सिंचाई के लिए किया जाएगा। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने इसके लिए योजना तैयार की है। इसके तहत शहर के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में शोधित होने वाले पानी को पाइपलाइन के जरिये रामपुर, धतीर, हरचंदपुर और छांयसा रजवाहों तक पहुंचाया जाएगा। इन रजवाहों के माध्यम से 130 क्यूसेक पानी 50 से अधिक गांवों के खेतों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ने के साथ यमुना नदी में शोधित पानी छोड़ने की मात्रा भी कम हो सकेगी।