जौलीग्रांट के चार गांवों के लिए 17 साल बाद मार्ग बनाने का काम शुरू किया जाएगा। जिसको लेकर ग्रामीणों ने एक बैठक का आयोजन किया। जिसमें मार्ग बनाने को लेकर खुशी व्यक्त की गई। ऋषिकेश मुख्य मार्ग से चोरपुलिया से होकर जौलीग्रांट के चार गांव सैनिक मोहल्ला, बागी, कोठारी मोहल्ला और बिजली जौलीग्रांट के लिए एक संकरा मार्ग है। 2007-08 में जब एयरपोर्ट का विस्तारीकरण किया गया था। तब गांव चार रास्ते बंद कर दिए गए थे। तब ग्रामीणों ने आंदोलन किया तो चोर पुलिया से सैनिक मोहल्ले की तरफ एक 10 से 12 फीट चौड़ा मार्ग ग्रामीणों को दे दिया गया। जिसके बाद से लेकर वर्तमान तक इस रोड को नहीं बनाया गया था। लोग 17 सालों से गढ्ढों से परेशान थे। लोगों की मांग थी कि इस रोड को बनाया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि इस संकरे मार्ग पर चलते समय दो वाहन मुश्किल से क्रॉस हो पाते हैं। जिस कारण कई बार विवाद और मार पिटाई की नौबत आ जाती है। ग्रामीणों ने निकाय चुनाव से पहले आंदोलन कर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी। जिसके बाद क्षेत्रीय विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीण माने थे। विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि सड़क की स्वीकृति मिल चुकी है। और इसके बाद मार्ग का काम शुरू करवाया जा रहा है। जिसको लेकर ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त किया।