कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर स्थित पीडब्ल्यूडी विभाग में अकाउंटेंट के पद पर पदस्थ कर्मचारी के साथ ठेकेदार द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लेट पेमेंट की शिकायत को लेकर ठेकेदार ने अकाउंटेंट के घर पहुंचकर परिजनों के सामने मारपीट की। घटना के बाद अकाउंटेंट ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कांकेर जिले में पीडब्ल्यूडी विभाग के अकाउंटेंट से मारपीट का मामला सामने आया है। अकाउंटेंट सूरज कुमार साहू ने ठेकेदार के खिलाफ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। सूरज कुमार साहू का कहना है कि ठेकेदार द्वारा अंतागढ़ से नारायणपुर तक सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा था।
निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार ने पेमेंट को लेकर पत्र भी लगाया था। पेमेंट के लिए लाए गए दस्तावेजों में कुछ खामियां थीं, जिसकी जानकारी उन्होंने ईई को दी थी। इसी बात से नाराज होकर ठेकेदार अचानक उनके घर पहुंच गया और अभद्रता करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
अकाउंटेंट का कहना है कि घर में घुसकर परिवार के सामने मारपीट किए जाने से उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। वहीं, मामले में भानुप्रतापपुर एसडीओपी शेरबहादुर सिंह का कहना है कि अकाउंटेंट ने ठेकेदार के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी है। शिकायत आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।