कोंडागांव जिले के जनपद प्राथमिक शाला बनियागांव में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्कूल में कक्षा पहली से पांचवीं तक के कुल 25 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने और देखरेख करने वाला कोई शिक्षक मौजूद नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई एक दिन की स्थिति नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की हकीकत बन चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक अक्सर स्कूल में अनुपस्थित रहते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थिति इतनी गंभीर है कि पांचवीं कक्षा के बच्चों की बोर्ड परीक्षा नजदीक है, लेकिन स्कूल में नियमित पढ़ाई ही नहीं हो पा रही। इससे बच्चों का भविष्य अंधकार में जाता नजर आ रहा है।
इस मामले में CAC देवराज सोढ़ी का कहना है कि स्कूल में पदस्थ दोनों शिक्षकों की BLO ड्यूटी लगी हुई है, जिसके कारण वे अधिकतर फील्ड में रहते हैं और यही वजह है कि स्कूल में अव्यवस्था बनी हुई है। स्कूल में पदस्थ शिक्षक अजय कौशिक और सुशील पांडे बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय पर निरीक्षण और कार्रवाई नहीं की जा रही।
आज नाराज ग्रामीणों ने स्वयं स्कूल की स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारी जाए।