भाटापारा शहर और आसपास के क्षेत्रों में कथित तौर पर सैकड़ों की संख्या में पाकिस्तानी नागरिकों के निवास करने की खबरों ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इनमें से कई लोगों के वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद वे कई वर्षों से बेखौफ रह रहे हैं। इस गंभीर मामले ने अब स्थानीय जनता के बीच भी असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि क्या जिला पुलिस और प्रशासन इन संदिग्ध निवासियों की पहचान कर कार्रवाई करेगा या फिर रसूखदारों के संरक्षण में ये लोग बच निकलेंगे? सूत्रों का दावा है कि कुछ पाकिस्तानी नागरिकों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए स्थानीय पहचान पत्र भी हासिल कर लिए हैं, जिससे वे सामान्य भारतीय नागरिकों की तरह जीवन यापन कर रहे हैं। यदि यह आरोप सही साबित होते हैं, तो यह न केवल सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा है, बल्कि देश की कानून व्यवस्था के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन सकता है। इस विषय में जब जिला पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि अब तक इस तरह की कोई शिकायत हमारे पास नहीं आई है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। अब सबकी नजरें जिला प्रशासन पर टिकी हैं। क्या वह इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा या फिर यह मामला भी अन्य कई गंभीर मुद्दों की तरह अनदेखा कर दिया जाएगा।