BJP Leaders Reaction on CG Naxalite encounter: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में बुधवार को डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 28 नक्सली ढेर हुए हैं। मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है। कई नक्सलियों के शव और भारी संख्या में हथियार बरामद होने की खबर है। मुठभेड़ में एक जवान के बलिदान होने और एक जवान घायल होने की भी खबर है। मामले में प्रदेश के सीएम विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हम जवानों के साहस को नमन करते हैं। वहां पर तीन दिन से नक्सल ऑपरेशन चल रहा है। ऑपरेशन खत्म होने पर सही आंकड़े आएंगे। नक्सलियों को शुरू से सरेंडर की अपील कर रहे हैं, अब नक्सलियों से सरेंडर को लेकर और अपील की जरूरत नहीं है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जवानों को बहुत बड़ी सफलता मिली है। 26 से अधिक नक्सली मारे गये हैं। बड़े कैडर के नक्सली भी मारे गये हैं। डीआरजी के जवानों ने ये अद्मय साहस दिखाया है। मुठभेड़ के बाद ही पूरी तरह से मामला स्पष्ट होगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि,छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने का अभियान तेजा गति से चल रहा है।