बलरामपुर-रामानुजगंज के नगर के वार्ड क्रमांक 4 में स्थित आदर्श जवाहरलाल नेहरू आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता मातेश्वरी द्विवेदी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के दौरान कर्तव्य परायणता की मिसाल पेश की है। अतिरिक्त दायित्वों के बावजूद उन्होंने अपने कार्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाया। जानकारी के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 एवं वार्ड क्रमांक 6 में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) का दायित्व भी मातेश्वरी द्विवेदी द्वारा सफलतापूर्वक निर्वहन किया जा रहा है। दो वार्डों का अतिरिक्त कार्यभार होने के बावजूद उन्होंने अपने मूल पद की जिम्मेदारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती है। एसआईआर कार्य के दौरान जहां नगर के कई आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन प्रभावित रहा और कुछ केंद्र बंद रहने की स्थिति में भी पहुंचे तो वहीं वार्ड क्रमांक 4 स्थित आदर्श जवाहरलाल नेहरू आंगनबाड़ी केंद्र का नियमित रूप से संचालन हो रहा है। केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण, शैक्षणिक गतिविधियां एवं अन्य शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन निरंतर जारी है। स्थानीय नागरिकों एवं अभिभावकों ने भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की कार्यशैली की सराहना की है। उनका कहना है कि अतिरिक्त जिम्मेदारियों के बावजूद केंद्र का नियमित संचालन होना अन्य कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मातेश्वरी द्विवेदी की यह कार्यनिष्ठा न केवल आंगनबाड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ करती है, बल्कि शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।