बलरामपुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के रामानुजगंज से बलरामपुर के मध्य सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पहले मार्ग को यातायात योग्य बनाने हेतु विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से गड्ढों को मिट्टी से भरा जा रहा है। हालांकि, यह कार्य दुर्घटनाओं की संभावना को और अधिक बढ़ा रहा है। गड्ढों में सूखी मिट्टी भरने के कारण भारी मात्रा में धूल उड़ रही है, जिससे दृश्यता लगभग शून्य हो जा रही है। बाइक चालकों, चार पहिया वाहनों एवं अन्य यात्रीगणों को दिन के उजाले में भी सड़क पर सामने से आने-जाने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। यह स्थिति अत्यंत खतरनाक बन चुकी है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। सबसे चिंताजनक स्थिति उस समय देखने को मिली जब जामवंतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से एक गंभीर मरीज को जिला अस्पताल बलरामपुर ले जा रही एंबुलेंस को भी धूल के इस गुब्बार में फंसकर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। धूल के कारण मार्ग साफ दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे एंबुलेंस की गति धीमी हो गई और मरीज को समय पर इलाज मिलने में विलंब हुआ। इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर इंटरनेट मीडिया पर साझा किया गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण से पूर्व मार्ग को सुचारु बनाने का यह प्रयास उचित है, लेकिन बिना पानी छिड़के केवल सूखी मिट्टी डाल देने से धूल का गुबार उठ रहा है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है और दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन सकता है। स्थानीय प्रशासन एवं ठेकेदार से मांग की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए तथा यातायात को सुरक्षित रखने हेतु आवश्यक कदम तुरंत कदम उठाय जाय।