बलरामपुर रामानुजगंज जशपुर, कुसमी, शंकरगढ़ क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद आज सुबह 7 बजे से कन्हर नदी का जल स्तर बढ़ना शुरू हुआ और देखते-देखते नदी का पानी 10 वर्षों के अपने रिकार्ड को तोड़ते हुए राम मंदिर घाट से शिव मंदिर घाट तक बने सीसी रोड तक पहुंच गया। राम मंदिर घाट, महामाया मंदिर घाट एवं शिव मंदिर घाट में सैकड़ो की संख्या में लोग कन्हर नदी का नजारा देखने पहुंचे। पुलिस के द्वारा भी लगातार पेट्रोलिंग एवं मौके पर पुलिस बल तैनाती कर दी गई थी। गौरतलब है कि विगत 10 वर्षों के बाद कन्हर नदी का जलस्तर इतना बढ़ा है। महामाया मंदिर के नीचे बना छठ घाट की सीढ़ियां देखते-देखते पूरी डूब गई वही नदी का पानी मां महामाया मंदिर के सीढीओ को छूने लगा। राम मंदिर काफी ऊंचाई में है जिसके सीढीओ तक पानी पहुंच गया था। कनहर का पानी एनीकट के सुरक्षा दिवाल को पार कर आमंत्रण धर्मशाला के सामने से बहने लगा। रामानुजगंज को पुरानडीह से जोड़ने वाला फकीरवानाला भी लबालब हो गया। रिंग रोड में नदी के बढ़ते जल स्तर से नदी के किनारे बने घरों के नजदीक तक पानी पहुंच गया है यदि पानी का और जल स्तर बढ़ता है तो घरों को खाली करना पड़ेगा। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि नदी के बढ़ते जल स्तर को लेकर नगर पालिका अलर्ट मोड में है कर्मचारियों की ड्यूटी विभिन्न वार्डों में लगाई गई है। नगर पालिका के कर्मचारीभी बाढ़ के हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अचानक से कन्हर नदी के बड़े जलस्तर के बीच सैकड़ो की संख्या में बड़ी-बड़ी लकड़ियां बहते देखी गई। कन्हर नदी में सैकड़ो नाला एवं अन्य सहायक नदियां मिलती हैं नदी के किनारे रखी गई लकड़ियां जलस्तर बढ़ने के बाद नदी में बहने लगी।नदी के बड़े जल स्तर के बाद नदी का पानी वार्ड क्रमांक 14, 15 में भी घुस गया। पॉवर हाउस रोड में पानी सड़क के बराबर आ गया था वही भुइया टोली रास्ते में भी पानी घुटने तक आ गया था जिस कारण से इस मार्ग पर आवगमन बंद हो गया था। बाढ़ के बाद पलटन घाट का अद्भुत नजारा देखने को मिला जहां बड़े-बड़े चट्टान के समान पत्थर डूब गए वही जब पत्थरों के बीच से पानी तेजी के साथ जा रहा था।इसे देखने पलटन घाट में मेला जैसा माहौल निर्मित हो गया।