महासमुंद के संजय कानन उद्यान में आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत, जिले के गरीब परिवारों के 160 कन्याओं का विवाह पूरे विधि विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों एवं जनप्रतिनिधिगण ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही उनके सुखी दाम्पत्य जीवन के लिए उनको उपहार भेंट किए। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर, निधि चंद्राकर, एसडीएम हरिशंकर पैकरा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और वर व वधु पक्ष के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर नव दाम्पत्य जीवन में बंद रहे वर व वधुओं ने सरकार के द्वारा चलाए जा रहे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की सराहना की और कहा कि, हम जैसे गरीब परिवार के लोगों के लिए यह योजना किसी वरदान से काम नहीं। उन्होंने इस योजना के लिए सरकार का आभार जाता है। वहीं ज़िला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास समीर पाण्डे ने बताया कि, आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 160 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें पिथौरा व महासमुंद ग्रामीण से 30-30 जोड़े, सरायपाली, बसना, बागबाहरा व महासमुंद शहरी से 25-25 जोड़े शामिल हुए है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी के लिए राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सहायता के रूप में 50 हजार रूपए का अनुदान सहायता राशि प्रदान किया जाता है। प्रति जोड़ा 50 हजार रूपए का व्यय किया गया है। इसमें प्रत्येक कन्या को 35 हजार रूपए की राशि बैंक खाते या बैंक ड्राफ्ट के रूप में प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विवाह आयोजन व्यवस्था और परिवहन पर प्रति कन्या 8 हजार रुपए, इसके साथ विवाह के मौके पर वर-वधु के कपड़े, श्रृंगार सामग्री पर 7 हजार रुपए खर्च किया गया है।