फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CG: घर की रसोई में मिला भारत का सबसे विषैले सांप 'कॉमन करैत', परिवार के होश उड़े; रेस्क्यू का वीडियो आया सामने

Wed, 24 Jun 2026 01:53 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

मंगलवार रात एक परिवार उस समय दहशत में आ गया, जब उनके रसोईघर में भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक 'कॉमन करैत' कुंडली मारकर बैठा मिला। बत्ती जलाते ही सांप की चमकदार खाल देखकर परिवार के होश उड़ गए। परिवार के सदस्यों ने तुरंत स्थानीय सर्प बचाव दल आरसीआरएस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही आरसीआरएस के सदस्य उमेश यादव और अतुल सोनी अपने बचाव उपकरण के साथ मौके पर पहुंचे। रसोईघर का स्थान छोटा और सामान से भरा होने के कारण बचाव कार्य बेहद जोखिम भरा था। दल ने पूरी सावधानी के साथ सांप की हरकतों पर नजर रखी। विशेष सर्प हुक और छड़ी की मदद से कॉमन करैत को सुरक्षित पकड़ा गया। उसे जूट के थैले में बंद किया गया। बचाव कार्य के दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। 

आरसीआरएस दल ने बचाव के बाद सांप को जंगल के प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया। परिवार ने दल के साहस और तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर दल के पहुंचने से बड़ी दुर्घटना टल गई।

कॉमन करैत की विशेषताएं
कॉमन करैत को दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है। इसका जहर तंत्रिका विषैला होता है जो तंत्रिका तंत्र पर हमला करता है। खास बात यह है कि इसके काटने से दर्द बहुत कम होता है। इसलिए मरीज अक्सर लापरवाही कर देता है। यह सांप रात में सक्रिय रहता है और चूहों की तलाश में घरों में घुस जाता है।

सर्प बचाव दल की अपील 
आरसीआरएस दल ने लोगों से अपील की कि बरसात और सर्दियों में सांप घरों में घुस जाते हैं। इसलिए रात के समय रसोईघर, भंडार कक्ष और बर्तन रखने की जगह को अच्छी तरह जांच लें। बिना देखे हाथ जाली, कोने या सामान के पीछे न डालें। घर के आसपास साफ-सफाई रखें और चूहों की संख्या कम करें। सांप दिखने पर उसे मारने या पकड़ने की कोशिश न करें, तुरंत प्रशिक्षित सर्प बचाव दल या वन विभाग को सूचना दें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें