छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले ने बीते 24 सितंबर को एक आदिवासी युवती के साथ गैंग रेप का मामला सामने आया था। इस मामले का कल 26 सितंबर शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र खरे उर्फ जित्तु (22 वर्ष, निवासी ऊर्जा पार्क के पास, वार्ड क्रमांक 09, कवर्धा), नसीम अहमद उर्फ छोटू (25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 22, एकता चौक, कवर्धा) और मोहम्मद सरफराज उर्फ सफ्फु (21 वर्ष, निवासी डालडापारा, आदर्शनगर, कवर्धा) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब इन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग जारी है। आज शनिवार देर शाम 8 बजे आदिवासी समाज ने कवर्धा शहर में रैली निकाली है। शहर के आदिवासी मंगल भवन से सिग्नल चौक तक इस रैली में आदिवासी समाज समेत अन्य समाज के लोग शामिल हुए। लोगों ने आदिवासी युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में दोषियों को फांसी व उनके घर में बुलडोजर चलाने के मांग किया है। इस दौरान आरोपियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। हालांकि, पुलिस ने तीनों आरोपी के खिलाफ धारा 70(1), 351(3) BNS दर्ज कर सभी एंगल से जांच कर रही हैं। इधर, आरोपी को पुलिस टीम द्वारा मात्र 36 घंटे में गिरफ्तार किए जाने पर कवर्धा जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई की सराहना करते हुए सम्मानित किया।एसोसिएशन के पदाधिकारी आज एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां एसपी धर्मेंद्र सिंह को शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।सम्मान ग्रहण करते हुए एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। उन्होंने एसोसिएशन द्वारा दिए गए इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जनता का विश्वास और भी मजबूत हुआ है। लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है और समाज में कानून के प्रति भरोसा और गहराया है। इस अवसर पर एडिशनल एसपी पंकज पटेल, डीएसपी आशीष शुक्ला, थाना प्रभारी कवर्धा लालजी सिन्हा, योगेश कश्यप व भुनेश्वरी साहू को भी सम्मान किया गया।इस सम्मान ने यह संदेश दिया कि समाज और प्रशासन यदि साथ मिलकर काम करें तो किसी भी अपराधी को कानून से बच निकलने का अवसर नहीं मिलेगा। संगठन ने अपेक्षा जताई कि भविष्य में भी पुलिस इसी प्रकार सक्रियता और दृढ़ता के साथ अपराधियों को न्यायालय तक पहुंचाती रहेगी।