जिले के मड़वा पवार प्लांट परिसर में एक हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिसके नीचे दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जर्वे (ब) निवासी प्रहलाद केवट (50 वर्ष), जो हाईवा क्रमांक सीजी 11 बीएल 5671 का चालक था, मड़वा पवार प्लांट से सीलों से राखड़ लेकर बाहर निकल रहा था। इसी दौरान सड़क पर ढलान होने के कारण हाईवा अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। वाहन के केबिन के नीचे दबने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य चालकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायल प्रहलाद केवट को किसी तरह बाहर निकाला। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मड़वा पवार प्लांट पहुंचे और मुआवजे की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। नायब तहसीलदार ने 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की और प्लांट प्रबंधन द्वारा नियमों के अनुसार उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, हाईवा वाहन मालिक ने भी एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इन सहायता राशियों के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमति दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।