फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CG: एकलव्य स्कूल के छात्र ने हॉस्टल के शौचालय में लगाई फांसी, परिजनों ने अधीक्षक पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

Thu, 06 Aug 2026 02:08 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, सक्ती

सक्ति जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र स्थित पलाडीकला के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं के एक छात्र ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों ने छात्रावास अधीक्षक पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जिले के पलाडीकला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्रावास के शौचालय में कक्षा 9वीं के छात्र ओमेश कुमार कंवर का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बसना निवासी ओमेश कुमार कंवर विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार सुबह छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों ने उसे शौचालय में फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद तत्काल विद्यालय प्रबंधन को इसकी सूचना दी गई। आनन-फानन में छात्र को जिला अस्पताल सक्ती ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बाराद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक छात्र के परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ओमेश छात्रावास में प्रताड़ना का शिकार था। परिजनों ने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर से छात्रावास की अव्यवस्थाओं और कथित प्रताड़ना की शिकायत की थी।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और निलंबन की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि छात्रावास में रहने वाले अन्य विद्यार्थियों और विद्यालय के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें