फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सायकल सवार से झपटमारी: मोबाइल और सोने का लॉकेट लूटने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

Thu, 04 Jun 2026 07:32 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले की साइबर थाना एवं नैला चौकी पुलिस ने मोबाइल और सोने का लॉकेट झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, कन्हाईबंद निवासी चंद्रहास यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मई की शाम करीब 7:30 बजे वह साइकिल से काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान नैला-कन्हाईबंद मार्ग स्थित शनि होटल के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और गले में पहना सोने का लॉकेट झपट लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का भी प्रयास किया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर थाना और नैला चौकी की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लूटे गए सामान को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर हेमंत सारथी (21) निवासी जांजगीर और कोमल कश्यप (19) निवासी नैला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे सीडी डीलक्स बाइक से कन्हाईबंद की ओर जा रहे थे। रास्ते में अकेले साइकिल सवार युवक को मोबाइल पर बात करते देख झपटमारी की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया। तीनों आरोपी लूटे गए सामान को बेचकर रकम आपस में बांटने की तैयारी में थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें