फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: पांच जगह लूट और डकैती को दिया था अंजाम, आठ आरोपी गिरफ्तार

Sun, 01 Feb 2026 12:46 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों के विरुद्ध जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना शिवरीनारायण एवं थाना पामगढ़ क्षेत्र में लूटपाट और प्राणघातक हमलों की श्रृंखला को अंजाम देने वाले गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है।

27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात को दोनों थाना क्षेत्रों में पांच अलग-अलग स्थानों पर आरोपियों द्वारा संगठित रूप से लूटपाट एवं बेरहमी से मारपीट की गई थी। इन घटनाओं में 13 लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज बिलासपुर व रायपुर के अस्पतालों में जारी है। एक घायल युवक कोमा में है।

घेराबंदी के दौरान फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस द्वारा लगातार दबिश और घेराबंदी के दौरान आरोपी रामनाथ ने पुलिस दल पर कट्टे से फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को साहसिक एवं नियंत्रित कार्रवाई माना जा रहा है।

रॉड-डंडा लेकर आतंक मचाने वाला गिरोह
आरोपियों द्वारा लोहे की रॉड, पाइप, डंडा और बेल्ट से सीधे सिर पर वार कर लोगों को गंभीर रूप से घायल किया गया। मारपीट के बाद मोबाइल फोन व नकदी लूटकर आरोपी फरार हो जाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने वारदातों को संगठित रूप से अंजाम देना स्वीकार किया है।

भारी मात्रा में हथियार व सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्टील रॉड, डंडे, बेल्ट, मोटरसाइकिल, स्कूटी, मोबाइल फोन एवं नगद राशि सहित कुल ₹4,09,000 की संपत्ति जब्त कर अपराध की कमर तोड़ दी है।

एसपी विजय कुमार पांडेय का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। आम नागरिकों पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित, सटीक और प्रभावी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत आगे भी ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस कार्रवाई के माध्यम से जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अपराध चाहे कितना भी संगठित हो, कानून से ऊपर कोई नहीं। आम जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तत्परता और साहस के साथ कार्य कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें