जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने गुरुवार को जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूरी होनी चाहिए।
ओपी चौधरी ने मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर समेत जिले की प्रमुख निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने और तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की प्राथमिकता वाली नई परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा।
बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतों पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए फॉल्ट को जल्द ठीक करने और निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने पर भी जोर दिया। मंत्री ने महतारी वंदन योजना के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना में हितग्राहियों को समय पर किस्त जारी करने तथा पीएम सूर्यघर योजना का अधिक से अधिक लाभ लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण और किसानों को नैनो यूरिया व नैनो डीएपी के प्रति जागरूक करने की जानकारी ली गई। वहीं अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंत्री ने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, अधिकारियों की मुख्यालय में मौजूदगी और आम लोगों की शिकायतों के संवेदनशील समाधान पर भी जोर दिया। उन्होंने साफ कहा कि भ्रष्टाचार या लापरवाही की शिकायत मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।