गौरेला पेंड्रा मरवाही के जंगलों में आग का तांडव जारी है, मरवाही वन मंडल के खोडरी वन परिक्षेत्र एवं अचानक मार टाइगर रिजर्व के इलाके के जंगल में भीषण आग लगी हुई है। पिछले कई दिनों से आग ने एक बड़े भूभाग को प्रभावित किया है। जिससे नए उगने वाले पौधे बुरी तरह झुलस गए हैं। आश्चर्य की बात यह है कि पिछले कई दिनों से आग लगने के बावजूद दोनों ही वन मंडलों का जमीनी अमला इसे अनदेखा किए हुए हैं वहीं ग्रामीण जंगल मे आग को लेकर दहशत में हैं। मरवाही वन मंडल के खोडरी वन परिक्षेत्र के सीमावर्ती जंगल जो अचानक मार टाइगर रिजर्व से लगता है पीपरखुटी से मरही माता भंनवारटक खोंगसरा जाने वाले मुख्यमार्ग से लगे इन जंगलों में भीषण आग लगी हुई है आग सड़क के दोनों ओर तेजी से फैल रही है आग से जिसे निकालने वाले धुएं के चलते दिखाई देना भी मुश्किल है पर वन विभाग के कर्मचारियों को यह आज तक नहीं दिखाई दी है। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह आग आज नहीं लगी है बल्कि इस इलाके में पिछले कई दिनों से आग लगी हुई है आग की विभीषिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क के एक और लगी आग हवा के तेज बहाव की वजह से न सिर्फ दूसरी ओर पहुंच गई बल्कि उससे निकलने वाला धुआं पूरे इलाके को ढका हुआ है आग से सूखे पेड़ों को बड़ा खतरा है।हालांकि मौके पर न ही कोई फायर वाचर या फिर वन कर्मी आग बुझाने का प्रयास करते ही हमें दिखाई तक नही दिया। हालांकि जंगल मे आग लगने की घटना बीते वर्षों की अपेक्षा कम ही है।