छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज माघ मेले में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को शाही स्नान से रोके जाने के मामले में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने इसे हिंदू विरोधी चरित्र बताते हुए कहा कि यह केवल शंकराचार्य का ही नहीं, बल्कि सनातन धर्म और सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा का अपमान बतलाया है।
जीपीएम के पंडित माधव राव सप्रे प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पिछले 40 वर्षों से नियमित रूप से शाही स्नान करते आ रहे हैं और पहली बार उन्हें इस अखंड परंपरा से रोका गया। कांग्रेस का आरोप है कि शंकराचार्य के साथ दुर्व्यवहार किया गया, उनके शिष्यों के साथ मारपीट हुई और हालात ऐसे बने कि शंकराचार्य को अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए अनशन पर बैठना पड़ा, लेकिन सरकार की ओर से अब तक संवाद का कोई प्रयास नहीं किया गया।
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि सदियों पुरानी शाही स्नान परंपरा को न तो मुगलों ने रोका और न ही अंग्रेजों ने, फिर भाजपा सरकार को यह दुस्साहस कैसे हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि एक ओर आरएसएस प्रमुख को जेड प्लस सुरक्षा दी जाती है, वहीं दूसरी ओर शंकराचार्य और उनके समर्थकों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा आने वाले समय में जैसा भी निर्देश रहेगा अदेशासनुसार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।