फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GPM: मुख्यमंत्री साय का हेलीकॉप्टर तय स्थान की जगह दूसरी जगह उतार दिया, 10 मिनट तक रही असमंजस की स्थिति

Tue, 10 Feb 2026 11:04 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के दो दिवसीय दौरे के दौरान मंगलवार को उस समय असमंजस की स्थिति बन गई, जब उनका हेलीकॉप्टर तय कार्यक्रम स्थल पर न उतरकर दूसरे स्थान पर उतर गया। हालांकि यह स्थिति कुछ ही मिनटों में सामान्य हो गई और मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम में शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री साय रायपुर से हेलीकॉप्टर से पेंड्रा पहुंचे थे। उन्हें जिला गठन की छठवीं वर्षगांठ के अवसर पर पेंड्रा के मल्टीपर्पज हाई स्कूल मैदान में आयोजित अरपा महोत्सव में शामिल होना था। कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए हेलीपैड में उतरने के बजाय मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लगभग 4 किलोमीटर दूर गुरुकुल मैदान स्थित हेलीपैड पर उतर गया। वहां हेलीकॉप्टर करीब 10 मिनट तक रुका रहा।

इसके बाद स्थिति स्पष्ट होने पर हेलीकॉप्टर ने पुनः उड़ान भरी और पेंड्रा के मल्टीपर्पज हाई स्कूल मैदान में बनाए गए निर्धारित हेलीपैड पर सुरक्षित रूप से उतरा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे और अरपा महोत्सव के आयोजनों में भाग लिया। हेलीकॉप्टर में मुख्यमंत्री के साथ धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी मौजूद थे। इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर चलता रहा। सूत्रों के अनुसार हेलीपैड समन्वय और कोऑर्डिनेशन में आई कमी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

हालांकि प्रशासनिक अमले ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को शीघ्र नियंत्रित कर लिया, जिससे कार्यक्रम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने के बाद अरपा महोत्सव का आयोजन विधिवत रूप से संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने जिले के विकास, सांस्कृतिक विरासत और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर अपने विचार रखे। घटना के बावजूद सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कोई बड़ी चूक सामने नहीं आई।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें