फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत्तीसगढ़: पिकअप के गुप्त चैंबर से मिले चार करोड़ रुपये! दो लोग हिरासत में, हवाला कनेक्शन की जांच

Mon, 26 Oct 2026 03:41 PM IST
दुर्ग-भिलाई ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दुर्ग

छत्तीसगढ़ में पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकदी ले जा रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को पकड़ने की कार्रवाई की है। खुर्सीपार पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने डबरापारा के पास वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें बने एक गुप्त चैंबर से करीब 4 करोड़ रुपये बरामद हुए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नकदी रायपुर से लोड की गई थी और इसे नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आई है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस की टीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि रविवार देर रात रायपुर के अभनपुर क्षेत्र से बड़ी मात्रा में नकदी एक पिकअप वाहन में लोड की गई है। सूचना में रकम को नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद डीआईजी विजय अग्रवाल के निर्देश पर खुर्सीपार थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हुई।

कुम्हारी टोल प्लाजा के पास शुरू किया पीछा
सूचना के आधार पर पुलिस टीम को कुम्हारी टोल प्लाजा के पास तैनात किया गया। संदिग्ध पिकअप वाहन के वहां पहुंचने पर पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया। इसके बाद खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास वाहन को रोककर तलाशी ली गई।

पिकअप में बने गुप्त चैंबर से मिले नोटों के बंडल
तलाशी के दौरान पुलिस को पिकअप वाहन में अलग से बनाया गया एक गुप्त चैंबर मिला। इसमें बड़ी मात्रा में नोटों के बंडल छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने नकदी बरामद करने के बाद इसकी सूचना आयकर विभाग को दी। इसके बाद मशीन से नोटों की गिनती कराई गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बरामद नकदी की कुल राशि करीब 4 करोड़ रुपये है।

भावेश भाई और विष्णुदेव दुबे हिरासत में
पुलिस ने वाहन चालक भावेश भाई और विष्णुदेव दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पूछताछ में नकदी को रायपुर से वाहन में लोड करने और नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है। हालांकि, रकम के वास्तविक स्रोत और इसे किसे सौंपा जाना था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका
पुलिस बरामद नकदी के स्रोत, लेन-देन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। रकम के हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है। नकदी के संबंध में आयकर विभाग की जांच और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल से मामले में आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल, हवाला कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें