भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में पार्टी कर रहे लोगों ने लाइट बंद करने को लेकर पेप्सी कंपनी के सेल्स मैनेजर और उनके साथियों पर लाठी-डंडे, कुर्सी और ईंटों से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने कंपनी की संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया। घटना का लाइव वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना वैशाली नगर के सुंदर नगर स्थित पेप्सी कंपनी के गोदाम के पास हुई। यहां कुछ आरोपी पार्टी कर रहे थे और शोरगुल कर रहे थे। हल्ला होने पर सेल्स मैनेजर और उनके साथियों ने लाइट बंद कर दी, जिससे विवाद उत्पन्न हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी-डंडे और कुर्सियों से सेल्स मैनेजर और उनके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने कंपनी की कुर्सियों से कई वार किए।
हमले के दौरान पीड़ितों ने अपनी जान बचाने के लिए कंपनी के ऑफिस में घुसकर शरण ली। इसके बावजूद हमलावरों ने ऑफिस का दरवाजा तोड़ने की भी कोशिश की। इतना ही नहीं, हमलावरों ने बाहर खड़ी एक बोलेरो पिकअप का शीशा तोड़ दिया, दीपक शर्मा की बुलेट की वाइजर तोड़ दी और बाइक की चाबी भी निकाल ली। उन्होंने गोदाम के बाहर लगा बिजली मीटर भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस हमले में सेल्स मैनेजर रवि रंजन सहित अंकित गुप्ता, दीपक शर्मा और अभिलाष पुरोहित घायल हो गए। मारपीट की पूरी घटना कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी मोनू, अभिषेक और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है। पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।