छत्तीसगढ़ में भगवान भोले बाबा को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला गरमा गया है। बिलासपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना गंभीर अपराध है और भगवान भोले बाबा के प्रति की गई टिप्पणी बेहद निंदनीय है। अरुण साव ने मामले में दोषी के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर मुद्दे पर राजनीति करती है और इस मामले में भी सियासत कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जल जीवन मिशन और ई-बस सेवा को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की बैठक हुई,जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सांसद मौजूद रहे। बिलासपुर जिले में करीब 600 योजनाओं में से 219 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। वहीं करीब 310 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिन्हें जल्द ग्राम पंचायतों को सौंपने की तैयारी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हस्तांतरित योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। जिन योजनाओं में 75 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो चुका है, उन्हें भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भुगतान की प्रक्रिया भी अब नियमित हो रही है, जिससे जल जीवन मिशन के काम में तेजी आएगी। वहीं ई-बस सेवा को लेकर अरुण साव ने कहा कि प्रक्रिया जारी है और बहुत जल्द बिलासपुर में इसका संचालन शुरू किया जाएगा।