भाटापारा जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। जिला कलेक्टर दीपक सोनी ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अब तक 259 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले दस वर्षों की औसत का 101 प्रतिशत है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अमले को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। कलेक्टर ने बताया कि जिले में राजस्व, पुलिस और पंचायत विभाग के कर्मचारियों से प्रतिदिन "ऑल ओके" रिपोर्ट ली जा रही है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आपदा राहत दल सक्रिय किए गए हैं, और जिला कंट्रोल रूम में निरंतर निगरानी की जा रही है। खाद्य विभाग द्वारा ऐसे क्षेत्रों में पहले से ही आवश्यक सामग्री का भंडारण और वितरण किया गया है, जो आमतौर पर बरसात में प्रभावित होते हैं। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की टीमों को पर्याप्त दवाइयां और चिकित्सीय सामग्री उपलब्ध कराई गई हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन के पास वर्तमान में बरसात से निपटने की पूरी तैयारी है, और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किया जाएगा।