बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डौंडी विकासखण्ड के चिखलाकसा धान खरीदी केंद्र में निर्धारित मात्रा से अधिक धान खरीदी पाए जाने पर नाराजगी जताई।कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि चिखलाकसा केंद्र में चार अलग-अलग बोरों की धान की तौल कराने पर प्रत्येक बोरे में निर्धारित 40 किलो 680 ग्राम की जगह लगभग 41 किलो धान पाया गया। इस अनियमितता पर उन्होंने समिति प्रबंधक श्री भगवान सिंह ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और केंद्र के कर्मचारियों को भी फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डौंडी-लोहरा विकासखण्ड के गैंजी, कोटागांव, भर्रीटोला और घोटिया धान खरीदी केंद्रों का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए।